अभ्यर्थी के एडमिट कार्ड पर छपी कुत्ते की फोटो

पटना। बिहार में सरकारी भर्ती प्रक्रिया में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। रोहतास जिले के एक अभ्यर्थी को जारी किए गए एडमिट कार्ड पर उसकी फोटो की जगह कुत्ते की तस्वीर छपी हुई मिली, जिससे भर्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, यह एडमिट कार्ड जिला एवं सत्र न्यायालय रोहतास द्वारा आयोजित चतुर्थ श्रेणी (पियन) भर्ती परीक्षा के लिए जारी किया गया है, जिसकी परीक्षा 15 मार्च को आयोजित होनी है। एडमिट कार्ड पर अभ्यर्थी का नाम, रोल नंबर और अन्य विवरण सही हैं, लेकिन फोटो की जगह कुत्ते की तस्वीर दिखाई दे रही है।

बताया जा रहा है कि यह अभ्यर्थी रोहतास जिले के बिक्रमगंज के धावा गांव का निवासी है। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद जब उसने यह गलती देखी तो वह हैरान रह गया। अभ्यर्थी का कहना है कि उसने आवेदन करते समय अपनी सही फोटो अपलोड की थी और उसके पास इसका प्रमाण भी मौजूद है।

अभ्यर्थी के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2022 में शुरू हुई थी और करीब चार साल बाद परीक्षा आयोजित की जा रही है। अब इस गलती के कारण वह परीक्षा की तैयारी करने के बजाय अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर है।

उसने अधिकारियों से मांग की है कि परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड में सुधार किया जाए ताकि उसे परीक्षा केंद्र पर किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अनोखी गलती के सामने आने के बाद भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और ऑनलाइन आवेदन प्रणाली की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठने लगे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *