निशांत कुमार की भव्य एंट्री, कार्यकर्ताओं ने फूलों की बारिश कर किया स्वागत

पटना: बिहार की राजनीति में रविवार को एक महत्वपूर्ण और उत्साहपूर्ण क्षण देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री आवास से निकलते ही निशांत कुमार के काफिले का जदयू कार्यकर्ताओं और विधायकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार की पार्टी में औपचारिक एंट्री को लेकर जदयू कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

मुख्यमंत्री आवास से जैसे ही निशांत कुमार का काफिला निकला, रास्ते में मौजूद जदयू के विधायकों, नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पूरे माहौल में “निशांत कुमार जिंदाबाद” और “नीतीश कुमार जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गूंज उठा।

इसके बाद जदयू कार्यालय पहुंचने पर भी निशांत कुमार का भव्य स्वागत किया गया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और पार्टी में उनके शामिल होने पर खुशी जाहिर की। जदयू कार्यकर्ताओं का कहना है कि निशांत कुमार के राजनीति में आने से पार्टी को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।

जदयू कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि निशांत कुमार की यह एंट्री जदयू के लिए एक नई शुरुआत है। कार्यकर्ताओं ने इसे “ग्रैंड लॉन्चिंग” बताते हुए भरोसा जताया कि आने वाले समय में निशांत कुमार संगठन को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि निशांत कुमार की सक्रियता से बिहार की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है और जदयू के कार्यकर्ताओं में भी एक नया उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *