अंबेडकर जयंती पर संसद में श्रद्धा का संगम, पीएम मोदी और खरगे ने दी बाबा साहेब को नमन
नई दिल्ली: देशभर में आज अंबेडकर जयंती के अवसर पर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राजधानी दिल्ली में संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब को नमन किया।
इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और खरगे के बीच सौहार्दपूर्ण बातचीत देखने को मिली, जिससे राजनीतिक मतभेदों के बीच एक सकारात्मक संदेश भी गया।
हर वर्ष की तरह इस बार भी अंबेडकर जयंती पर बड़ी संख्या में लोग प्रेरणा स्थल पहुंचे और बाबा साहेब को श्रद्धांजलि दी। आम जनता के लिए भी इस दिन स्थल को खोल दिया गया, जिससे हजारों लोग अपने प्रेरणास्रोत को नमन करने पहुंचे।
देशभर में विभिन्न स्थानों पर भी अंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई गई, जहां लोगों ने संविधान निर्माता के विचारों को याद करते हुए सामाजिक समरसता और समानता का संकल्प लिया।