ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा: पुल से 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बस, छह की मौत; 35 यात्री थे सवार

गूलर बाजार के पास दुर्घटना, एसडीआरएफ और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी; 20 से अधिक घायलों को निकाला गया

ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। टिहरी गढ़वाल जिले के गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में कम से कम छह लोगों की मौत हुई है, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, विश्वनाथ सेवा की बस मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई थी। सुबह गूलर बाजार के समीप बस अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी, जिससे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।

एसडीआरएफ और पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने भी राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अब तक 20 से अधिक यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया है। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से ऋषिकेश एम्स और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।

रेस्क्यू के लिए अतिरिक्त टीमें तैनात

हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमों को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। टिहरी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। खाई में फंसे अन्य यात्रियों की तलाश जारी है।

मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, जबकि बाद की रिपोर्टों में मृतकों की संख्या छह बताई गई है। प्रशासन की ओर से बचाव अभियान जारी है। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *