खगड़िया में सुबह-सुबह खूनी वारदात: घर में घुसकर परिवार पर चाकू से हमला, महिला की मौत; तीन घायल
रिपोर्ट: अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न (BAJMC), TWM न्यूज़
खगड़िया (बिहार): जिले के चौथम थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। अज्ञात अपराधियों ने एक घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तड़के सुबह करीब 4 से 5 की संख्या में आए हमलावरों ने घर का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही दरवाजा खोला गया, अपराधी जबरन अंदर घुस गए और सो रहे परिवार के सदस्यों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया।
पीड़ित परिवार के रिश्तेदार राहुल कुमार ने बताया कि हमलावरों ने बिना किसी पूर्व विवाद के अचानक इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि घर के सभी सदस्यों को निशाना बनाया गया।
पुलिस के मुताबिक, इस हमले में चार लोग घायल हुए थे, जिनमें से एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान रचना कुमारी के रूप में हुई है। घायलों में एक 10 वर्षीय बच्ची भी शामिल है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि घर में जयकांत पासवान अपनी पत्नी, 30 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय नातिन के साथ रहते थे। अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से दरवाजा खुलवाकर इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीएसपी मुकुल रंजन ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।