‘टॉफी डिप्लोमेसी या नौटंकी?’ मेलोनी को कैंडी गिफ्ट पर राहुल का मोदी पर तंज, कहा— ये नेतृत्व नहीं, गिमिक है
नई दिल्ली: इटली यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफी भेंट करने का मामला अब सियासी विवाद में बदल गया है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस कदम पर तीखा हमला बोलते हुए इसे “गिमिक” और “नौटंकी” करार दिया है।
राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा कि जब देश आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है, तब प्रधानमंत्री विदेश में “टॉफी बांटने और वीडियो बनाने” में व्यस्त हैं। उन्होंने किसानों, मजदूरों, युवाओं और छोटे व्यापारियों की समस्याओं का जिक्र करते हुए सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाया।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि “देश के ऊपर आर्थिक तूफान मंडरा रहा है और प्रधानमंत्री इटली में मिठाई बांट रहे हैं… यह नेतृत्व नहीं, बल्कि नौटंकी है।”
यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब एक वायरल वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी, जॉर्जिया मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफी का पैकेट भेंट करते नजर आए। इस हल्के-फुल्के क्षण को जहां सत्तारूढ़ दल ने ‘सॉफ्ट डिप्लोमेसी’ बताया, वहीं विपक्ष ने इसे गंभीर मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया है।