दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: स्विस फ्लाइट में इंजन में आग, इमरजेंसी में 232 यात्रियों को निकाला गया
नई दिल्ली, एजेंसी।
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार तड़के एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब ज्यूरिख जा रही स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस की फ्लाइट में टेकऑफ के दौरान इंजन में आग लग गई। पायलटों की सूझबूझ से उड़ान तुरंत रोक दी गई और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट LX147 (एयरबस A330) सुबह करीब 1:08 बजे टेकऑफ रन के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हुई, जिसके बाद इंजन में आग लग गई। इसके बाद तत्काल ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई।
विमान में कुल 232 यात्री (जिनमें 4 शिशु शामिल) और क्रू सदस्य सवार थे। सभी को रनवे पर इमरजेंसी स्लाइड के जरिए बाहर निकाला गया। इस दौरान अफरा-तफरी में 6 यात्री घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एयरलाइन के मुताबिक, इंजन में खराबी का पता चलते ही टेकऑफ को रोकना पड़ा और सुरक्षा के मद्देनज़र यात्रियों को तुरंत निकाला गया। फिलहाल विमान की तकनीकी जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम तैनात की गई है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए रनवे प्रभावित रहा, हालांकि बाद में हवाई अड्डे पर संचालन सामान्य कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, समय रहते कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।