देश के 29 राज्यों में शुरू हुई कमर्शियल एलपीजी आपूर्ति, जमाखोरी रोकने के लिए तेज हुई छापेमारी
नई दिल्ली:
देश में रसोई गैस को लेकर बनी चिंता के बीच सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति शुरू कर दी है। साथ ही जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए विभिन्न राज्यों में छापेमारी और निगरानी अभियान तेज कर दिया गया है।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा के अनुसार, सरकार ने कमर्शियल एलपीजी के लिए विशेष कोटा तय कर राज्यों को उपलब्ध कराया है, जिसके बाद कई राज्यों में इसका वितरण शुरू कर दिया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि हाल के दिनों में गैस को लेकर पैनिक बुकिंग (घबराहट में ज्यादा बुकिंग) बढ़ी है, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त एलपीजी उपलब्ध है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से सिलेंडर की बुकिंग या ईंधन का भंडारण न करें।
इसी बीच कई राज्यों में प्रशासन ने कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। निरीक्षण टीमों द्वारा गैस एजेंसियों, गोदामों और होटलों की जांच की जा रही है ताकि घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध उपयोग रोका जा सके।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।