नल-जल योजना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर घर तक पानी पहुंचाने का सीएम सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश

जलापूर्ति योजनाओं के रखरखाव की तय होगी जवाबदेही, शिकायतों के निपटारे में एआई और सौर ऊर्जा के इस्तेमाल पर जोर

पटना। बिहार में हर घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाने को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हर घर नल का जल योजना के तहत शत-प्रतिशत जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। किसी भी क्षेत्र में पेयजल की समस्या नहीं रहनी चाहिए। जलापूर्ति व्यवस्था में खराबी आने पर तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को नियमित रूप से पानी मिल सके।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान विभागीय सचिव बी. कार्तिकेय धनजी ने जलापूर्ति योजनाओं के संचालन, रखरखाव, मरम्मत, निरीक्षण और विभिन्न योजनाओं की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी भी दी।

खराबी मिलने पर तत्काल होगी मरम्मत

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी जलापूर्ति योजनाओं के रखरखाव की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। इसके लिए अधिकारियों और संबंधित कर्मियों की जवाबदेही तय की जाए। योजनाओं की नियमित निगरानी हो और कहीं भी तकनीकी खराबी आने पर बिना देरी किए मरम्मत कराई जाए। उन्होंने जलापूर्ति केंद्रों और संबंधित संरचनाओं का नियमित निरीक्षण करने के साथ पानी की गुणवत्ता की जांच को भी प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।

शिकायतों के समाधान में एआई का होगा इस्तेमाल

मुख्यमंत्री ने पेयजल से जुड़ी आम लोगों की शिकायतों के त्वरित निपटारे पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिकायत दर्ज होने से लेकर उसके समाधान तक पूरी प्रक्रिया की निगरानी होनी चाहिए। इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाए, ताकि शिकायतों का विश्लेषण और समाधान अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से हो सके।

बिजली खर्च घटाने के लिए सौर ऊर्जा पर जोर

बैठक में जलापूर्ति योजनाओं के संचालन में होने वाले बिजली खर्च की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने बिजली पर निर्भरता और खर्च कम करने के लिए सौर ऊर्जा की संभावनाएं तलाशने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति केंद्रों पर सोलर पैनल के माध्यम से ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाए।

बैठक में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, विभागीय सचिव बी. कार्तिकेय धनजी और विभाग के विशेष सचिव संजीव कुमार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *