पत्रकारिता का उद्देश्य सिर्फ खबर देना नहीं, समाज की समस्याओं को सामने लाना भी : श्रवण कुमार

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पटना में परिचर्चा का आयोजन, मंत्री ने कहा- निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित पत्रकारिता के मूल आधार

पटना। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को पटना स्थित सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सभागार में पत्रकारिता की भूमिका और जिम्मेदारियों को लेकर परिचर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम का विषय ‘पत्रकारिता : लोकप्रियतावादी या जिम्मेदारी’ रखा गया। इस दौरान ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबरें प्रकाशित और प्रसारित करना नहीं है, बल्कि समाज के वंचित और कमजोर वर्गों की समस्याओं को सामने लाना भी है।

मंत्री ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत बनाती है। पत्रकारों को अपुष्ट और सनसनीखेज खबरों के प्रसारण से बचना चाहिए। खबरों की विश्वसनीयता और जनहित के साथ किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि समाचार और आरोप के बीच अंतर स्पष्ट रखना तथा किसी व्यक्ति की निजता और गरिमा का सम्मान करना पत्रकारिता की जिम्मेदारी है।

सोशल मीडिया के दौर में तथ्य जांचना जरूरी

श्रवण कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी बढ़ गई है। किसी भी खबर या सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता और विश्वसनीयता की जांच करनी चाहिए। लोकप्रियता हासिल करना गलत नहीं है, लेकिन इसके लिए भ्रामक और गलत तथ्यों का सहारा नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने मीडिया से स्वस्थ आलोचना के साथ वास्तविक तथ्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की अपील की।

पत्रकारों के कल्याण के लिए सरकार की पहल

मंत्री ने बताया कि राज्य में 129 पत्रकारों को पत्रकार पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है। इसके अलावा पत्रकार बीमा योजना के तहत भी बड़ी संख्या में पत्रकारों को जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पत्रकारों के कल्याण और सुविधाओं के लिए और कदम उठाए जाएंगे।

एआई के दौर में बढ़ी विश्वसनीय खबरों की चुनौती

कार्यक्रम में टाइम्स ऑफ इंडिया के वरिष्ठ सहायक संपादक मदन कुमार ने कहा कि वर्तमान दौर में पत्रकारिता के लिए आत्मनियंत्रण, निष्पक्षता और जवाबदेही बेहद जरूरी है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल से फर्जी एवं भ्रामक सूचनाओं की चुनौती भी बढ़ी है। ऐसे में खबरों को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों और आंकड़ों की पुष्टि आवश्यक है।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त सचिव अभिषेक पलासिया ने प्रेस को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि मीडिया जनता और सरकार के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यक्रम में जी न्यूज के ब्यूरो चीफ रजनीश कुमार, कशिश चैनल के संजय कुमार, कला रॉय और पिंडार के संपादक अतिकुर रहमान समेत कई पत्रकारों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक नूपुर झा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *