बंगाल चुनाव से पहले बड़ा एक्शन: EC ने IPS सहित 5 पुलिस अधिकारियों को किया निलंबित
कोलकाता, प्रतिनिधि।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले निर्वाचन आयोग (EC) ने सख्त कदम उठाते हुए डायमंड हार्बर पुलिस जिले के पांच पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। इन अधिकारियों में एक IPS अधिकारी भी शामिल हैं। आयोग ने इन पर चुनाव के दौरान निष्पक्षता बनाए रखने में विफल रहने और गंभीर कदाचार के आरोप लगाए हैं।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिन अधिकारियों को निलंबित किया गया है, उनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (IPS) संदीप गराई, एसडीपीओ सजल मंडल, डायमंड हार्बर थाने के इंस्पेक्टर मौसुम चक्रवर्ती, फाल्टा थाने के इंस्पेक्टर अजय बाग और उस्ती थाने की अधिकारी शुभेच्छा बाग शामिल हैं। सभी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
आयोग ने यह कार्रवाई राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर की है, जिसमें चुनाव ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मियों के आचरण पर सवाल उठाए गए थे। आयोग ने स्पष्ट कहा कि चुनाव जैसे संवेदनशील समय में निष्पक्षता और अनुशासन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
इसके साथ ही डायमंड हार्बर की पुलिस अधीक्षक इशानी पाल को कड़ी चेतावनी दी गई है। आयोग ने उन्हें अपने अधीनस्थ अधिकारियों में अनुशासन और निष्पक्षता सुनिश्चित करने में विफल रहने के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
चुनाव आयोग ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि इन आदेशों को तुरंत लागू किया जाए और अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही आगामी चरण के मतदान को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस पर्यवेक्षकों की तैनाती भी की जा रही है, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण रह सके।
**(समाचार समाप्त)**