बांकीपुर उपचुनाव: प्रचार थमा, बाहरी नेताओं को क्षेत्र छोड़ने का आदेश—सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी
पटना, संवाददाता:
पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मतदान से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। अब किसी भी प्रकार की सभा, रैली या लाउडस्पीकर के उपयोग की अनुमति नहीं होगी।
जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जो नेता या प्रचारक बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं, उन्हें तुरंत क्षेत्र छोड़ना होगा। साथ ही प्रत्याशियों और उनके चुनाव एजेंट के वाहनों के लिए विशेष अनुमति लेना अनिवार्य कर दिया गया है।
वहीं, पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति प्रतिबंध के बावजूद प्रचार करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रात के समय मतदाताओं को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पूरे इलाके में लगातार वाहन जांच और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
सुरक्षा के मद्देनजर 14 कंपनियां केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की तैनात की गई हैं, जिनके साथ जिला पुलिस और होमगार्ड के जवान भी मुस्तैद हैं।
ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने बताया कि मतदान के बाद एएन कॉलेज में वज्रगृह बनाया जाएगा, जहां ईवीएम मशीनों को सुरक्षित रखा जाएगा। इसके चलते ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। बोरिंग रोड चौराहे से एएन कॉलेज जाने वाला मार्ग आम जनता के लिए बंद रहेगा और लोगों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।
प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे सभी नियमों का पालन करें और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने में सहयोग दें।