रांची RSS कार्यालय पेट्रोल बम कांड में NIA की पटना में बड़ी कार्रवाई, दो फ्लैटों पर छापेमारी

पटना: रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पटना में बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने चित्रगुप्त नगर इलाके के एक अपार्टमेंट में दो फ्लैटों की तलाशी ली। यह कार्रवाई मामले की जांच के सिलसिले में की गई है।

तीन दिन में दूसरी बार NIA की कार्रवाई

रिपोर्ट के मुताबिक, इसी अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में NIA ने तीन दिनों के भीतर दूसरी बार तलाशी अभियान चलाया है। इससे पहले 7 सितंबर को भी टीम यहां पहुंची थी, लेकिन उस समय संबंधित फ्लैट बंद मिले थे। बुधवार को एजेंसी ने दो फ्लैटों में तलाशी ली।

एक फ्लैट संदीप गुप्ता से जुड़ा

पुलिस के अनुसार, तलाशी लिए गए एक फ्लैट का संबंध गोपालगंज निवासी संदीप गुप्ता से बताया जा रहा है। NIA ने उसे दिल्ली में हिरासत में लिया था और पूछताछ तथा सबूत जुटाने के लिए पटना लाया गया। दूसरा फ्लैट एक कंपनी के नाम पर दर्ज है, लेकिन जांच में उसका संबंध भी संदीप गुप्ता से बताया गया है।

महिला के पास से करीब 20 लाख रुपये बरामद

तलाशी के दौरान एक महिला के पास से करीब 20 लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी सामने आई है। इसकी सूचना आयकर विभाग को दे दी गई है। हालांकि, बरामद रकम का रांची RSS कार्यालय पर हुए हमले से सीधा संबंध है या नहीं, इसकी जांच एजेंसी कर रही है।

17 जून को हुआ था पेट्रोल बम हमला

रांची के निवारणपुर स्थित RSS कार्यालय पर 17 जून की रात करीब 12:30 बजे दो अज्ञात युवकों ने पेट्रोल बम फेंकने की कोशिश की थी। CCTV फुटेज में संदिग्धों को कार्यालय के पास आते और घटना के बाद भागते हुए देखा गया था। घटना में किसी के घायल होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं थी।

तीन आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

इस मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है। इनमें एक आरोपी ने पुलिस से बचकर भागने की कोशिश की थी और उसे पकड़ने के दौरान वह घायल हो गया। NIA अब पटना समेत अन्य स्थानों पर कार्रवाई कर मामले से जुड़े लोगों, वित्तीय लेनदेन और संभावित साजिश के कनेक्शन की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *