राजनीति में उतरे नीतीश कुमार के पुत्र निशांत, बिहार भ्रमण से शुरू करेंगे जनसंपर्क अभियान

पटना। बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री निशांत कुमार के पुत्र निशांत कुमार अब सक्रिय राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार वह जल्द ही जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता लेकर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करेंगे और इसके बाद पूरे बिहार का दौरा कर जनता व कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में निशांत औपचारिक रूप से जदयू की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इसके बाद वह राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़ने का प्रयास करेंगे। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह यात्रा उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत होगी और इसके माध्यम से वह जनता की समस्याओं को समझने का प्रयास करेंगे।

जदयू के नेताओं का मानना है कि निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और युवा वर्ग के बीच संगठन का विस्तार होगा। लंबे समय से पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता उनकी सक्रिय भूमिका की मांग कर रहे थे।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, बिहार की राजनीति में यह एक पीढ़ीगत बदलाव का संकेत माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राष्ट्रीय राजनीति में अधिक सक्रिय भूमिका की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि निशांत अपने पिता की तरह जनसंपर्क यात्रा के जरिए राजनीतिक आधार मजबूत करने की रणनीति पर काम करेंगे। आने वाले दिनों में उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों को लेकर पार्टी नेतृत्व की ओर से औपचारिक घोषणा भी की जा सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *