समस्तीपुर के राजकीय मेले में शराब की खुलेआम बिक्री, वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप
समस्तीपुर, संवाददाता।
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड अंतर्गत इन्द्रवारा स्थित निषाद समाज की आस्था स्थल बाबा केवल स्थान धाम में आयोजित राजकीय मेले में खुलेआम शराब बिक्री का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मेले के दौरान कुछ लोगों द्वारा खुलेआम शराब बेचे जाने का वीडियो सामने आया है, जो अब प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता दिख रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद मेला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया है। अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो व फोटो के आधार पर संबंधित कारोबारी की पहचान की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि बिहार में वर्ष 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू है, इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है और इस मामले में किन लोगों की संलिप्तता सामने आती है।
(समाप्त)