2027 में दौड़ेगी भारत की पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन, मई-जून में ट्रायल; PM मोदी करेंगे उद्घाटन
नई दिल्ली। भारत की पहली स्वदेशी रूप से विकसित बुलेट ट्रेन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि देश की पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन का उद्घाटन 2027 में किया जाएगा। ट्रेन का ट्रैक पर परीक्षण अगले साल मई-जून में शुरू होने की उम्मीद है।
मई-जून 2027 में ट्रैक पर होगी ट्रेन
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि हाई-स्पीड ट्रेन का पहला बॉडी फ्रेम तैयार हो चुका है और उसे ‘स्क्वीज टेस्ट’ के लिए भेजा गया है। इसके बाद मई या जून 2027 में ट्रेन को ट्रैक पर उतारकर परीक्षण शुरू किया जाएगा। परीक्षण प्रक्रिया करीब 2 से 4 महीने चल सकती है।
PM मोदी करेंगे उद्घाटन
रेल मंत्री के मुताबिक परीक्षण सफल रहने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत की पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। यह ट्रेन आत्मनिर्भर भारत और देश में हाई-स्पीड रेल तकनीक के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
वडोदरा से मुंबई करीब डेढ़ घंटे में
वैष्णव ने कहा कि बुलेट ट्रेन के परिचालन के बाद वडोदरा से मुंबई की दूरी करीब डेढ़ घंटे में पूरी की जा सकेगी। यह ट्रेन मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर चलेगी। 508 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में गुजरात, महाराष्ट्र और दादरा एवं नगर हवेली का हिस्सा शामिल है।
सूरत-वापी सेक्शन दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद
रेल मंत्री ने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। सूरत-वापी सेक्शन का निर्माण दिसंबर 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। सूरत-बिलीमोरा सेक्शन को 2027 में सबसे पहले परिचालन में लाने का लक्ष्य रखा गया है।
280 रेलवे स्टेशन विकसित, 36 हजार किमी नई पटरी
वैष्णव ने रेलवे में हो रहे व्यापक बदलावों का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार देश में 280 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया गया है और करीब 36,000 किलोमीटर नई रेल पटरियां बिछाई गई हैं। रेलवे के ऑपरेटिंग और रिजर्वेशन सिस्टम के साथ निर्माण प्रक्रियाओं को भी आधुनिक बनाया जा रहा है।