2027 वनडे वर्ल्ड कप में भारत का पहला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से, ICC ने जारी किया नया फॉर्मेट

नई दिल्ली। ICC ने 2027 पुरुष वनडे विश्व कप का कार्यक्रम और नया फॉर्मेट जारी कर दिया है। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट में 14 टीमें 57 मुकाबले खेलेंगी। प्रतियोगिता 2 अक्टूबर से 21 नवंबर 2027 तक चलेगी।

भारत अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर 2027 को केपटाउन में मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगा। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा। भारत को ग्रुप-A में ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और क्वालीफायर-A के साथ रखा गया है।

14 टीमों का नया फॉर्मेट

2027 विश्व कप में 14 टीमें तीन चरणों में मुकाबला करेंगी। पहले चरण में क्वालीफायर से आने वाली तीन निचली रैंक वाली टीमें सुपर सीरीज खेलेंगी। इनमें शीर्ष पर रहने वाली टीम मुख्य ग्रुप चरण में पहुंचेगी।

इसके बाद 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। प्रत्येक ग्रुप में छह टीमें होंगी और राउंड-रॉबिन आधार पर मुकाबले होंगे। दोनों ग्रुप से शीर्ष तीन टीमें और दोनों ग्रुप में चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम सुपर-7 चरण में पहुंचेगी।

सुपर-7 में सात टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। इसके बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। फाइनल 21 नवंबर 2027 को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा।

अफ्रीका में 24 साल बाद विश्व कप

2027 का वनडे विश्व कप अफ्रीका में 24 साल बाद आयोजित होगा। टूर्नामेंट के मुकाबले दक्षिण अफ्रीका के आठ, जिम्बाब्वे के तीन और नामीबिया के एक मैदान समेत कुल 12 वेन्यू पर खेले जाएंगे।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुरुआती मुकाबला 2023 विश्व कप फाइनल का दोहराव भी होगा, जब ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर खिताब जीता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *