मोदी ने डाला उपराष्ट्रपति चुनाव में पहला वोट, बाढ़ प्रभावित इलाकों का करेंगे दौरा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार सुबह संसद भवन पहुंचकर उपराष्ट्रपति चुनाव में अपना पहला वोट डाला। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद रहे। मोदी ने एनडीए प्रत्याशी और महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन के पक्ष में मतदान किया।

उपराष्ट्रपति पद के लिए मतदान संसद भवन परिसर में जारी है और मतगणना शाम को पहले माले पर की जाएगी। यह चुनाव राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है, क्योंकि उपराष्ट्रपति राज्यसभा के सभापति भी होते हैं।

एनडीए उम्मीदवार राधाकृष्णन का पलड़ा भारी माना जा रहा है। उनके पक्ष में 427 वोट आने का अनुमान है, जबकि बहुमत का आंकड़ा 391 है। लोकसभा से उन्हें 293 और राज्यसभा से 134 सांसदों का समर्थन मिलने की संभावना है। दूसरी ओर, विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के संयुक्त प्रत्याशी पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज बी. सुधर्शन रेड्डी को 354 सांसदों का समर्थन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

वर्तमान में संसद की कुल सदस्य संख्या 781 है। लोकसभा में 542 सीटें हैं (एक खाली), जबकि राज्यसभा में 239 सदस्य (पांच रिक्तियां) हैं। वहीं बीजू जनता दल, भारत राष्ट्र समिति और शिरोमणि अकाली दल ने इस चुनाव से दूरी बनाने का निर्णय लिया है।

मतदान से पहले राधाकृष्णन ने दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्रीराम मंदिर में पूजा-अर्चना की और जीत को लेकर विश्वास जताया। उन्होंने कहा, “यह भारतीय राष्ट्रवाद की बड़ी जीत होगी। हम सब एक हैं, एक रहेंगे और भारत को विकसित राष्ट्र बनाएंगे।”

मतदान के तुरंत बाद प्रधानमंत्री मोदी पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। पंजाब में अब तक बाढ़ से 51 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य सरकार के शुरुआती आकलन के मुताबिक करीब ₹780 करोड़ का नुकसान हुआ है।

पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि बाढ़ में ₹130 करोड़ की दवाइयां नष्ट हो गईं। इसके अलावा 1,280 डिस्पेंसरी, 101 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 31 उप-जिला अस्पतालों को भारी नुकसान पहुंचा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *