सलखुआ में महागठबंधन की शक्ति प्रदर्शन रैली : तेजस्वी-मुकेश ने साधा सत्ता पर निशाना, बोले—अब बदलाव का वक्त करीब
सहरसा, ।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के आगाज़ के साथ ही सियासी पारा तेजी से चढ़ने लगा है। शुक्रवार को सहरसा जिले के सलखुआ मैदान में महागठबंधन की विशाल जनसभा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंच पर पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव तथा वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने साझा उपस्थिति दर्ज कराते हुए सत्ता पक्ष पर तीखा प्रहार किया और जनता से “बदलाव की लड़ाई” में साथ आने की अपील की।
जनसभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में आज बेरोज़गारी, महंगाई और भ्रष्टाचार ने जनता का जीना मुश्किल कर दिया है, जबकि सरकार सिर्फ़ प्रचार और जुमलेबाज़ी में व्यस्त है। उन्होंने कहा, “हमने नौजवानों को रोज़गार देने और किसानों को राहत पहुँचाने का वादा किया था, जो हमने निभाया। अब जनता तय करेगी कि उसे काम चाहिए या सिर्फ़ वादे।”
तेजस्वी ने सहरसा जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के महागठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन में वोट देने की अपील की। विशेष रूप से सिमरी बख्तियारपुर के विधायक यूसुफ सलाहुद्दीन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। तेजस्वी ने कहा, “ऐसे ईमानदार जनप्रतिनिधि को दोबारा अवसर देना चाहिए।”
वहीं, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार की जनता अब “बदला नहीं, बदलाव” चाहती है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन ही राज्य के सर्वांगीण विकास की सच्ची ताकत है। सहनी ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “सरकार ने मछुआरों, युवाओं और गरीब तबके से किए वादे पूरे नहीं किए। अब जनता झूठ और छल से आज़ादी चाहती है।”
जनसभा के दौरान मंच पर मौजूद स्थानीय नेताओं और प्रत्याशियों ने भी एकजुट होकर महागठबंधन की नीतियों को जनता के सामने रखा। सभा के अंत में भीड़ के जोश और नारों से पूरा मैदान गूंज उठा, जिसने साफ़ संकेत दिया कि सहरसा की सियासत में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है।
—TWM News रिपोर्ट