मुंगेर में धूमधाम से मनाई गई मंगसिर नवमी, राणी सती दादी मंदिर परिसर में भजनों की गूंज से गूंजा वातावरण
मुंगेर । श्री श्री 108 राणी सती दादी मंदिर समिति प्रांगण में बुधवार को मंगसिर नवमी का पावन उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को फूलों और विद्युत झालरों से भव्य रूप से सजाया गया था। पूरे वातावरण में भक्तिमय रंग छा गया, जहां देर रात तक दादी जी के भजनों की स्वर लहरियां गूंजती रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान के साथ हुई, जिसमें मुख्य यजमान के रूप में माधव और पूजा मस्कारा ने दादी जी की पूजा-अर्चना की। पूजन कार्य का संचालन पुरोहित संतोष पाठक ने संपन्न कराया। रात्रि में आयोजित भजन संध्या में स्थानीय भजन गायक शिवम शर्मा ने “डोली चढ़कर दादी जी ससुराल चली”, “मेहंदी रची थारे हाथा में” और “चलो बुलाया आया है, माता ने बुलाया है” जैसे प्रसिद्ध भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

मंदिर समिति के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, अरविंद जलान और राजकुमार शर्मा ने बताया कि मंगसिर नवमी का पर्व हर वर्ष पूरे उत्साह के साथ मनाया जाता है। मान्यता है कि इसी दिन राणी सती दादी शक्ति स्वरूप में प्रकट हुई थीं। राजस्थान के झुंझुनूं स्थित मुख्य धाम में इस अवसर पर विशाल मेला आयोजित होता है, जहां देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुंचते हैं।
इस अवसर पर शंकरलाल शर्मा, शेखर खेतान, गोपाल शर्मा, संजीव फिटकरीवाला, कमलेश खेतान, योगेश अग्रवाल, विकास गर्ग, अलका मेंहारिया, प्रभा संघई, निपुण संघई, ज्योति शर्मा, सुनीता फिटकरीवाला, मधु शर्मा, भर्ती शर्मा, आयुषी शर्मा समेत दादी मंदिर समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।
पूरे आयोजन में भक्ति, आस्था और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।