कलरफेस्ट 2026: एस आर शिक्षा सम्राट स्कूल में होली मिलन समारोह धूमधाम से संपन्न

सिमराही नगर पंचायत।
सिमराही नगर पंचायत स्थित एस आर शिक्षा सम्राट स्कूल में “कलरफेस्ट 2026” के अंतर्गत होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं। होली के पारंपरिक गीतों से पूरा विद्यालय परिसर उल्लास और रंगों में सराबोर हो उठा।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों के लिए कई रोमांचक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विभिन्न रंगों का उपयोग करते हुए छात्र-छात्राओं ने आकर्षक पोस्टर तैयार किए। उनकी मनमोहक कल्पनाशीलता और रचनात्मक अभिव्यक्ति ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ा दिया।

विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता ने अपने संबोधन में कहा कि होली का पर्व सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी से आपसी द्वेष भुलाकर एकजुट होकर देश की उन्नति में योगदान देने का आह्वान किया।

विद्यालय की प्रबंध निदेशिका अल्पना मेहता ने कहा कि जिस प्रकार होली के रंग विविधता का संदेश देते हैं, उसी प्रकार भारत की सांस्कृतिक विविधता ही हमारी असली पहचान है। उन्होंने परस्पर सम्मान और सौहार्द्र की भावना के साथ त्योहार मनाने पर बल दिया।

विद्यालय के प्रशासनिक निदेशक सह प्राचार्य किसलय रवि ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में रणजीत लामा, कृष्ण गुप्ता, अर्जुन कुमार, रमेश मुखिया, आनंद मोहन, पप्पू मेहता, सुमन झा एवं शंकर यादव सहित अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।

समारोह का समापन सामूहिक शुभकामनाओं और रंगोत्सव के उल्लासपूर्ण माहौल के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *