ब्रेकिंग न्यूज़:
राज्यसभा जाने की इच्छा जताई, मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने X पर लिखा—जनता के साथ संबंध आगे भी रहेगा
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने राज्यसभा जाने की इच्छा जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि वह इस बार होने वाले चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाहते हैं।
अपने पोस्ट में नीतीश कुमार ने बिहार की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए लिखा कि पिछले दो दशक से अधिक समय से लोगों ने उन पर भरोसा और समर्थन बनाए रखा है। इसी विश्वास की बदौलत उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ बिहार और राज्य की जनता की सेवा की है। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और समर्थन की ताकत से ही बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम स्थापित कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अपने संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनके मन में यह इच्छा रही है कि वह बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के भी दोनों सदनों के सदस्य बनें। इसी क्रम में वह इस बार राज्यसभा का सदस्य बनने की इच्छा रखते हैं।
नीतीश कुमार ने अपनी पोस्ट में जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि भविष्य में भी उनका संबंध बिहार की जनता के साथ बना रहेगा और विकसित बिहार बनाने का उनका संकल्प पहले की तरह कायम रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जो नई सरकार बनेगी, उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा।
(फोटो क्रेडिट: नीतीश कुमार, X प्लेटफॉर्म)