मुआवजे की मांग तेज; विधायक बबलू मंडल बोले—तुरंत हो सर्वे, बटेदारों को भी मिले हक
खगड़िया, संवाददाता:
जिले में बीते दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खगड़िया विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे जिले में रबी फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में खड़ी मक्का, गेहूं और सरसों की फसल या तो पानी में डूब गई है या गिरकर बर्बाद हो गई है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है।
इस गंभीर स्थिति को लेकर सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने रविवार को प्रेस वार्ता कर सरकार और जिला प्रशासन से तत्काल मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में जल्द सर्वे टीम गठित कर वास्तविक नुकसान का आकलन करने की अपील की। साथ ही उन्होंने बटेदार किसानों को भी मुआवजे में शामिल करने की बात कही।
विधायक ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जिले में आंधी-तूफान और बारिश से उत्पन्न हालात को प्राकृतिक आपदा घोषित करते हुए किसानों को राहत देने की मांग की है।
बागवानी फसलें भी प्रभावित
लगातार बारिश और मौसम में अचानक बदलाव का असर बागवानी पर भी पड़ा है। आम और लीची की फसल को नुकसान पहुंचा है, जिससे फल उत्पादक किसानों की चिंता और बढ़ गई है। फलों की गुणवत्ता प्रभावित होने से बाजार में भी नुकसान की आशंका है।
खेतों में जलजमाव, सड़ने लगी फसलें
कई क्षेत्रों में जलजमाव के कारण फसलें सड़ने लगी हैं। किसानों का कहना है कि महीनों की मेहनत और लागत के बाद तैयार फसल बेमौसम बारिश की भेंट चढ़ गई। ऐसे में अब उनकी नजर सरकार की राहत पर टिकी है।
प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
विधायक बबलू मंडल ने कहा कि जिले के किसान पहले से ही कई समस्याओं से जूझ रहे हैं, ऐसे में यह प्राकृतिक आपदा उनकी स्थिति को और गंभीर बना रही है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सर्वे कराकर मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करने और सरकार से विशेष राहत पैकेज घोषित करने की मांग की।
प्रेस वार्ता में पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष राज कुमार फोगला, जेडीयू बेगूसराय प्रभारी उमेश पटेल, जिला उपाध्यक्ष दीपक सिन्हा, जिला कोषाध्यक्ष संदीप केडिया, रामबिलास महतो, नगर अध्यक्ष प्रभात शर्मा और संतोष कुमार साह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।