नगर के मुख्य सड़क की दुर्दशा पर सपा का हल्लाबोल, जल्द सुधार की मांग
शहर के मुख्य सड़कों की जर्जर स्थिति और अन्य जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने आंदोलन की तैयारियों को तेज कर दिया है। नगर अध्यक्ष अमर शक्ति के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने नयागांव सिमेट्री रोड पर बैठक आयोजित की, जिसमें धरना और सड़क जाम करने की चेतावनी दी गई। बैठक में सर्वसम्मति से 19 सितम्बर को एक दिवसीय धरना और उसके पखवाड़े बाद सड़क जाम करने का निर्णय लिया गया।
नगर अध्यक्ष अमर शक्ति का तीखा हमला
नगर अध्यक्ष एवं वार्ड आयुक्त अमर शक्ति ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा, “शहर के मुख्य सड़क की खस्ताहाल स्थिति अब बर्दाश्त से बाहर है। समाजवादी पार्टी ने हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी है, लेकिन अब शहर की जनता के सब्र का बांध टूट रहा है। स्थानीय प्रशासन से लेकर सांसद और विधायक इस गंभीर मुद्दे पर मौन धारण किए हुए हैं, लेकिन हम सपाई अब सड़कों पर उतरेंगे।”
जनप्रतिनिधियों पर निशाना, सुशासन पर सवाल
जिला मीडिया प्रभारी मनोज क्रांति ने शहर की दुर्दशा पर शासन-प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “शहर के मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति नीतीश कुमार के सुशासन और स्थानीय विधायक के विकास के दावों की पोल खोलती है। समाजवादी पार्टी इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। सड़क निर्माण के लिए अगर किसी भी हद तक जाना पड़े तो हम तैयार हैं।”
स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर आरोप
सपा के उपाध्यक्ष डॉ. सुधीर गुप्ता और महासचिव रूपेश कुमार छोटू ने सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर तीखे आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “सरकार और स्थानीय विधायक जनता को केवल वादों से छल रहे हैं। अब समय आ गया है कि जनता को उनके अधिकार दिलाने के लिए सपा कार्यकर्ता मैदान में उतरें।”
आंदोलन की रूपरेखा
बैठक में यह तय किया गया कि 19 सितम्बर को एक दिवसीय धरना आयोजित किया जाएगा, और यदि इसके बावजूद सड़क निर्माण की घोषणा नहीं होती है तो पखवाड़े भर बाद सपा कार्यकर्ता सड़क जाम करेंगे। बैठक में नगर सचिव आशिष कुमार, सत्यजीत पासवान, कुमार प्रभाकर, दिनेश साहू, मिथलेश चौरसिया और कुणाल यादव समेत कई अन्य प्रमुख लोग उपस्थित थे।
इस प्रकार, सपा ने नगर के मुख्य सड़कों की दुर्दशा और अन्य जनसमस्याओं को लेकर अपने संघर्ष को और तेज कर दिया है। अब देखना यह होगा कि सरकार और प्रशासन इस चेतावनी का क्या जवाब देते हैं।