कर्नाटक को आज मिलेगा नया मुख्यमंत्री, डी.के. शिवकुमार लेंगे शपथ

बेंगलुरु में भव्य समारोह, नई कैबिनेट के साथ सरकार संभालने की तैयारी

बेंगलुरु |  (अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न BAJMC)

कर्नाटक की राजनीति में आज बड़ा बदलाव होने जा रहा है, जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डी.के. शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बेंगलुरु स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में वे राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

जानकारी के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह आज शाम करीब 4 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें कई वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है।

डी.के. शिवकुमार को हाल ही में कांग्रेस विधायक दल (CLP) का नेता चुना गया था, जिसके बाद उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया। उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा भी पेश किया था।

बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण के साथ ही नई कैबिनेट का गठन भी किया जाएगा और कुछ प्रमुख नेताओं को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। पार्टी नेतृत्व द्वारा अंतिम सूची तैयार की जा चुकी है।

सूत्रों के अनुसार, नई सरकार बनने के बाद जल्द ही कैबिनेट की पहली बैठक आयोजित होगी, जिसमें जनता से जुड़े कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं।

गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पद छोड़ने के बाद यह बदलाव हुआ है। कांग्रेस ने संगठनात्मक संतुलन बनाए रखते हुए शिवकुमार को यह जिम्मेदारी सौंपी है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि शिवकुमार के नेतृत्व में कर्नाटक में नई नीतियों और विकास योजनाओं की शुरुआत देखने को मिल सकती है, जिससे राज्य की राजनीति में नया अध्याय जुड़ने जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *