खेल-कूद को राष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहन देने के लिए हरिमोहन सिंह का विशेष योगदान

लखीसराय

अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी और जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन के संस्थापक हरिमोहन सिंह को खेल और खिलाड़ियों के विकास में उनकी अतुलनीय सेवाओं के लिए लखीसराय में आयोजित सब जूनियर नेशनल खो-खो टीम चयन ट्रायल के दौरान सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव नीरज कुमार पप्पू और लखीसराय जिला खेल पदाधिकारी मृणालम ने हरिमोहन सिंह को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।

इस सम्मान समारोह में नगर परिषद सूर्यगढ़ा के सभापति प्रतिनिधि सजन सिंह भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। इस मौके पर विभिन्न खेल संघों के अध्यक्ष और सचिवों के साथ-साथ सैकड़ों खेल प्रेमी भी उपस्थित थे।

राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर खेलों में उत्कृष्ट योगदान

हरिमोहन सिंह का खेल जगत में योगदान किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया है। इसके अलावा, उन्होंने कई राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में कोच, मैनेजर, टेक्निकल रेफरी और आधिकारिक सदस्य के रूप में भाग लिया है। खासतौर पर दिव्यांग खेल और महिला खेलों को बढ़ावा देने में उनका विशेष योगदान रहा है।

चुनाव आयोग का ब्रांड एंबेसडर भी बन चुके हैं

खेल के अलावा, सामाजिक कार्यों में भी उनकी सक्रियता ने उन्हें खास पहचान दिलाई है। युवाओं के बीच उनकी बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए, हरिमोहन सिंह को चुनाव आयोग ने विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया था।

मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों द्वारा पूर्व में हो चुके हैं सम्मानित

हरिमोहन सिंह को पहले भी बिहार के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, खेल मंत्री, समाज कल्याण मंत्री और अन्य कई वरिष्ठ मंत्रियों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। उनका यह समर्पण खेल और समाज के प्रति उनके जज्बे को दर्शाता है।

खेल संघों और स्थानीय प्रशासन ने दी शुभकामनाएं

हरिमोहन सिंह के इस सम्मान पर मुंगेर जिला प्रशासन, मुंगेर जिला खो-खो संघ, मुंगेर योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, स्पेशल ओलंपिक्स भारत बिहार, और फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया बिहार के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी और उनके भविष्य में और अधिक सफलता की कामना की।

हरिमोहन सिंह के इस सम्मान ने न केवल खेलों के प्रति उनके योगदान को मान्यता दी है, बल्कि युवाओं को खेल में करियर बनाने के लिए प्रेरित भी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *