मध्य निषेध परीक्षा में जाने के दौरान पटना में बवाल, ट्रेन लेट होने पर छात्रों ने किया पथराव और ट्रैक जाम

अनिरुद्ध नारायण (इंटर्न)

पटना:
बिहार पुलिस के मध्य निषेध (प्रोहिबिशन) पदों के लिए आयोजित परीक्षा में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों के कारण राजधानी पटना में भारी अव्यवस्था और हंगामा देखने को मिला। पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हजारों की संख्या में पहुंचे परीक्षार्थियों ने ट्रेन लेट होने और अपर्याप्त व्यवस्था के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात से ही बड़ी संख्या में छात्र स्टेशन पर जुटने लगे थे। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए पर्याप्त ट्रेनें उपलब्ध नहीं होने से भीड़ लगातार बढ़ती गई और ट्रेन में चढ़ने को लेकर अफरा-तफरी मच गई। कई अभ्यर्थियों का आरोप था कि रेलवे द्वारा उनकी संख्या के अनुसार उचित इंतजाम नहीं किए गए थे।

स्थिति उस समय बिगड़ गई जब आक्रोशित छात्रों ने रेलवे ट्रैक पर उतरकर जाम लगा दिया। कई छात्र ट्रैक पर लेट गए, जिससे ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बाधित हो गया। इस दौरान एक एग्जाम स्पेशल ट्रेन पर पथराव कर उसे नुकसान भी पहुंचाया गया। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि ट्रेनें लगातार देरी से चल रही थीं, जिससे उनके परीक्षा में शामिल होने पर संकट खड़ा हो गया था।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस, जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। कुछ जगहों पर भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग की भी सूचना सामने आई है।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने बताया कि आधी रात के करीब प्रशासन को हंगामे की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व इमरजेंसी चेन खींचकर ट्रेनों को रोक रहे थे और अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग कर रहे थे, जबकि रेलवे द्वारा पहले ही दो स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की जा चुकी थी।

डीएम के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने उन छात्रों को भी रोकने की कोशिश की जो शांतिपूर्वक अपने परीक्षा केंद्र के लिए रवाना होना चाहते थे। इसके बाद प्रशासन को स्थिति नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पड़े। उन्होंने बताया कि अब हालात सामान्य हैं और ट्रेनों का संचालन निर्धारित समय के अनुसार किया जा रहा है।

घटना के बाद रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। वहीं, पूरे मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *