एस. आर. शिक्षा सम्राट स्कूल में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस

सिमराही। नगर पंचायत सिमराही स्थित एस. आर. शिक्षा सम्राट स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के चेयरमैन श्री महादेव मेहता ने झंडोत्तोलन कर की। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराया।

श्री मेहता ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। देश की गरिमा, एकता एवं अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है और इसके लिए सभी को हर संभव प्रयास करना चाहिए।

विद्यालय की निर्देशिका अल्पना मेहता ने अपने संबोधन में आजादी के आठ दशकों के दौरान भारत की प्रगति में नारी शक्ति के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि आज भारत की बेटियां सभी क्षेत्रों में सफलता के नए आयाम स्थापित कर देश का गौरव बढ़ा रही हैं।

इसके बाद स्कूल हेड्स, क्लब प्रेसिडेंट्स एवं हाउस कैप्टेंस के नेतृत्व में भव्य परेड आयोजित की गई। स्कूल कैबिनेट के सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने बैंड की धुन पर शानदार कदमताल करते हुए उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। परेड का निर्देशन रंजीत लामा ने किया।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत भाषण एवं कविताओं की प्रस्तुति दी। उन्होंने राष्ट्र के प्रति समर्पण, युवा शक्ति के पराक्रम, देश की उन्नति में योगदान तथा राष्ट्र निर्माण में महापुरुषों की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।

विद्यालय के अकादमिक निदेशक राजा रवि ने कहा कि पिछले आठ दशकों में भारत ने आशातीत प्रगति की है। उन्होंने कहा कि देश की विविधताओं को स्वीकार करते हुए राष्ट्रीय एकता को और मजबूत करना आज की आवश्यकता है।

विद्यालय के प्रशासनिक निदेशक सह प्राचार्य किसलय रवि ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश के भावी नागरिक हैं। उनके सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय परिवार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने समारोह को सफल बनाने में उपस्थित अतिथियों, छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के सहयोग और सहभागिता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

समारोह की सफलता में मनीषा झा, गौरव कुमार, कृष्णा गुप्ता, शंकर मेहता, सुधांशु वर्मा, आदर्श लामा, रमेश मुखिया सहित विद्यालय के सभी कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *