पटना में आयकर गोलंबर के पास पुलिस ने रोका मार्च, वाटर कैनन का इस्तेमाल; छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में RJD का प्रदर्शन

पटना। बिहार में NEET प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बुधवार को पटना में राजभवन मार्च निकाला। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर से राजभवन की ओर रवाना हुए।

मार्च को देखते हुए पटना में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। गांधी मैदान, डाकबंगला चौराहा, आयकर गोलंबर और राजभवन की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई।

आयकर गोलंबर पर रोका गया मार्च

मार्च जैसे ही आयकर गोलंबर के पास पहुंचा, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच आगे जाने को लेकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

पुलिस कार्रवाई के बाद तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस उन्हें बैरिकेडिंग के दूसरी ओर ले गई और बाद में एक वाहन में बैठाकर वहां से रवाना किया। उनके साथ मौजूद राजद कार्यकर्ताओं को भी आगे बढ़ने से रोक दिया गया।

तेजस्वी ने सरकार पर साधा निशाना

हिरासत में लिए जाने से पहले तेजस्वी यादव ने वाटर कैनन के इस्तेमाल को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आदेश पर की गई है। तेजस्वी ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से आंदोलन कमजोर नहीं होगा और जनता अब जाग चुकी है।

भाजपा कार्यालय के पास भी नारेबाजी

राजभवन मार्च के दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के पास भी नारेबाजी की। वहीं, भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने मार्च को लेकर तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए इसे छात्रों के मुद्दे से ज्यादा राजनीतिक गतिविधि बताया और आरोप लगाया कि यह कुर्सी बचाने का प्रयास है।

छात्रों पर कार्रवाई का उठाया मुद्दा

राजद नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान छात्रों और युवाओं पर हुई पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया। पार्टी ने सरकार से छात्रों की मांगों और परीक्षा व्यवस्था को लेकर जवाब मांगा।

वहीं, सरकार की ओर से कहा गया कि छात्रों की मांगों को लेकर सरकार संवेदनशील है और शिक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।

राजभवन मार्च के दौरान पटना के जिलाधिकारी और एसएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *