नेपाल की भोटेकोशी नदी में बाढ़ से यूपी में भी खतरा, महाराजगंज-कुशीनगर में अलर्ट; CM योगी ने दिए निर्देश
लखनऊ। नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराजगंज और कुशीनगर के प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने और संभावित स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नेपाल में आई अचानक बाढ़ के कारण वहां भारी तबाही की खबर है। भोटेकोशी नदी में पानी बढ़ने से नेपाल के तराई क्षेत्रों के साथ भारत की ओर आने वाली नदियों के जलस्तर पर भी असर पड़ने की आशंका है। उत्तर प्रदेश में विशेष रूप से गंडक और नारायणी नदी के जलस्तर में वृद्धि की संभावना जताई गई है।
प्रशासन को लगातार निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में बाढ़ से हुए नुकसान को चिंताजनक बताया है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को नदी के जलस्तर और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने के साथ-साथ राहत एवं बचाव की सभी तैयारियां पहले से पूरी रखने को कहा है।
सीमावर्ती इलाकों में प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। संभावित आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की तैयारी भी की जा रही है।
नेपाल में भारी तबाही
भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ से नेपाल के रसुवा क्षेत्र में व्यापक नुकसान की खबर है। तेज बहाव में वाहन और अन्य ढांचे बह गए हैं तथा कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव अभियान जारी है।
नेपाल की इस प्राकृतिक आपदा का असर भारत के बिहार और उत्तर प्रदेश तक पहुंचने की आशंका है। बिहार में भी कई सीमावर्ती जिलों को अलर्ट किया गया है और नेपाल से आने वाली नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।