MLC चुनाव से पहले JDU में बढ़ी हलचल, अनंत सिंह और नीरज कुमार तलब; सुलह की कोशिश तेज

पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव से पहले जनता दल यूनाइटेड (JDU) में अंदरूनी खींचतान को खत्म करने की कोशिश तेज हो गई है। पार्टी ने मोकामा विधायक अनंत सिंह और मौजूदा MLC व पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार को पटना स्थित JDU कार्यालय बुलाया। दोनों नेताओं के बीच चल रही तल्खी को सुलझाने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता सक्रिय हुए हैं।

नीरज के खिलाफ अनंत ने खोला था मोर्चा

दरअसल, अनंत सिंह ने हाल में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से होने वाले MLC चुनाव में अपनी ही पार्टी के नेता नीरज कुमार के बजाय डॉ. अनुज सिंह को समर्थन देने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि जो उनका साथ नहीं देता, वह उसका समर्थन क्यों करें। इस बयान के बाद JDU के भीतर राजनीतिक हलचल तेज हो गई थी।

पार्टी कार्यालय में हुई बंद कमरे में बैठक

विवाद को खत्म करने के लिए JDU प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा की मौजूदगी में दोनों नेताओं के साथ बैठक हुई। बैठक करीब 35 मिनट चली। पार्टी की कोशिश है कि आगामी विधान परिषद चुनाव में संगठन पूरी तरह एकजुट होकर मैदान में उतरे।

नीरज बोले- सभी साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे

बैठक के बाद नीरज कुमार ने कहा कि पार्टी में किसी तरह की नाराजगी नहीं है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सभी नेताओं से एकजुट होकर विधान परिषद की सभी सीटों पर NDA की जीत सुनिश्चित करने की अपील की है। नीरज के मुताबिक सभी नेताओं ने इस पर सहमति जताई।

अनंत सिंह ने साधी चुप्पी

बैठक खत्म होने के बाद अनंत सिंह मीडिया के सवालों से बचते नजर आए। उन्होंने किसी सवाल का जवाब नहीं दिया और सीधे अपनी गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए। ऐसे में यह साफ नहीं है कि नीरज कुमार के समर्थन को लेकर उनके रुख में वास्तव में बदलाव आया है या नहीं।

नवंबर में खत्म होगा 8 MLC का कार्यकाल

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल नवंबर 2026 में खत्म होने वाला है। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार लगातार तीन बार जीत चुके हैं और इस बार भी उनके मैदान में उतरने की संभावना है। ऐसे में अनंत सिंह का डॉ. अनुज सिंह को समर्थन देना JDU के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक चुनौती माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *