जमालपुर में 15 सितंबर को लगेगा सहयोग शिविर, वार्ड 12 व 18 के लोग दे सकेंगे जनसमस्याओं के आवेदन
जमालपुर। नगर परिषद जमालपुर प्रशासन की ओर से आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मंगलवार, 15 सितंबर 2026 को सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक सदर बाजार स्थित श्री मारवाड़ी धर्मशाला के प्रांगण में किया जाएगा। इसमें वार्ड संख्या 12 एवं 18 के नागरिक अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित लिखित आवेदन देकर समाधान की मांग कर सकेंगे।
नगर परिषद प्रशासन के अनुसार बिहार सरकार के मुख्य सचिव के पत्रांक 9315, दिनांक 25 मई 2026 के निर्देश के आलोक में नगर निकाय क्षेत्रों में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में जमालपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 12 एवं 18 के लिए संयुक्त रूप से यह शिविर आयोजित किया जा रहा है।

शिविर में नगर परिषद से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्राप्त आवेदनों को 24 घंटे के अंदर कार्यपालक पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर नियमानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
शिविर में नगर परिषद के विभिन्न पदाधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे। इनमें सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, म्युनिसिपल सिविल इंजीनियर, प्रभारी कोषपाल, प्रभारी सफाई निरीक्षक, कंप्यूटर ऑपरेटर, बिजली मिस्त्री, कार्यपालक सहायक, कलेक्शन एजेंट प्रभारी, लिपिक एवं आदेशपाल सहित अन्य कर्मी शामिल हैं।
इसके अलावा वार्ड संख्या 12 के वार्ड पार्षद साईं शंकर एवं वार्ड संख्या 18 की वार्ड पार्षद साहिना खातून भी शिविर में उपस्थित रहेंगी। नगर परिषद प्रशासन ने संबंधित वार्डों के नागरिकों से शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं से संबंधित लिखित आवेदन देने की अपील की है।