नेहा, काजल के बाद अब मीना! तेजस राजधानी के AC-2 कोच में 15.8 किलो गांजा, गया में गिरफ्तार
गयाजी में तेजस राजधानी एक्सप्रेस से 15.8 किलो गांजा बरामद, महिला गिरफ्तार
गया, 14 सितंबर। गयाजी रेलवे स्टेशन पर नशे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोश के तहत आरपीएफ, अपराध आसूचना शाखा और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने भुवनेश्वर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस से एक महिला यात्री को 15.822 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 7.91 लाख रुपये बताई गई है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि तेजस राजधानी एक्सप्रेस में एक महिला यात्री मादक पदार्थ लेकर सफर कर रही है। ट्रेन के गया जंक्शन पहुंचने पर प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर कोच A-3 की जांच की गई। इस दौरान बर्थ नंबर-6 पर यात्रा कर रही महिला के सामान की तलाशी ली गई।
दो बैग से मिले 15 बंडल
तलाशी के दौरान महिला के पिट्ठू और ट्रॉली बैग से 15 बंडल बरामद हुए। जांच और वजन के बाद इनमें कुल 15.822 किलोग्राम गांजा पाया गया। कार्रवाई सहायक उप निरीक्षक रणधीर कुमार के नेतृत्व में की गई और गिरफ्तारी की प्रक्रिया राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में पूरी की गई।
ओडिशा से दिल्ली ले जा रही थी गांजा
गिरफ्तार महिला की पहचान 26 वर्षीय मीणा कुमारी के रूप में हुई है, जो गया जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह ओडिशा के जाजपुर क्योंझर रोड स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई थी और दिल्ली जा रही थी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा उसे किसने उपलब्ध कराया था और दिल्ली में इसे किसे सौंपा जाना था।
जीआरपी को सौंपा गया मामला
आरपीएफ ने बरामद गांजा, गिरफ्तार महिला और संबंधित दस्तावेजों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना गया को सौंप दिया है। जीआरपी मामले की जांच कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।