गयाजी स्टेशन पर तेजस राजधानी से 17.7 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

गया: गयाजी रेलवे स्टेशन पर गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आरपीएफ, सीपीडीएस और जीआरपी की संयुक्त टीम ने तेजस राजधानी एक्सप्रेस से करीब 17.7 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई ऑपरेशन नार्कोस के तहत गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के गयाजी रेलवे स्टेशन पर सूचना मिलने के बाद आरपीएफ पोस्ट गया, अपराध गुप्तचर शाखा और जीआरपी की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची 22811 अप तेजस राजधानी एक्सप्रेस में तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान कोच नंबर-9 की बर्थ संख्या 21 पर यात्रा कर रहे एक संदिग्ध यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसकी पहचान 47 वर्षीय मनोज कुमार वर्णवाल, निवासी कैमाशिकोह, पटना सिटी के रूप में हुई।

सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह की मौजूदगी में आरोपी के झोले, हैंडबैग और ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। इस दौरान 17 पैकेट गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे का कुल वजन 17.749 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 8 लाख 87 हजार 450 रुपये है।

संयुक्त टीम ने गांजे के अलावा आरोपी का मोबाइल फोन, यात्रा टिकट और पहचान संबंधी दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

कार्रवाई के बाद आरोपी को बरामद गांजा और अन्य जब्त सामान के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना (GRP), गया को सौंप दिया गया।

रेलवे स्टेशन पर हुई इस कार्रवाई से ट्रेनों के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी पर सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी और अभियान तेज होने की बात सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *