स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के AC कोच में निकला सांप, रेलवे ने पूरी बोगी बदली

मुजफ्फरपुर। जयनगर से नई दिल्ली जा रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी कोच में शनिवार रात सांप निकलने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन के A-2 कोच में सांप दिखाई देने के बाद यात्रियों ने रेलवे से शिकायत की। कई किलोमीटर तक यात्री दहशत के बीच सफर करते रहे।

यात्रियों के मुताबिक, दरभंगा से पहले कोच में सांप जैसा जीव दिखाई दिया। इसके बाद रेलवे कर्मचारियों ने दरभंगा स्टेशन पर कोच की जांच की, लेकिन सांप नहीं मिला। इसके बावजूद यात्रियों की चिंता दूर नहीं हुई।

मुजफ्फरपुर में करीब एक घंटे चला सर्च ऑपरेशन

ट्रेन रात करीब 9:30 बजे मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंची। इसके बाद रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षाबलों ने A-2 कोच की गहन जांच की। सीटों के नीचे, पैनल और अन्य संभावित जगहों पर सांप की तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

सांप नहीं मिलने के बावजूद यात्रियों ने उसी कोच में आगे सफर करने से इनकार कर दिया। सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने A-2 कोच को ट्रेन से अलग कर दिया और उसकी जगह दूसरी एसी बोगी जोड़ दी।

नई बोगी में यात्रियों को शिफ्ट करने के बाद ट्रेन को करीब एक घंटे की देरी से रात 11 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना किया गया।

घटना का वीडियो एक यात्री ने सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद यह वायरल हो गया। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना के बाद ट्रेन के सफाई, रखरखाव और पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *