महिला पत्रकारों से कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ IJA का आंदोलन का ऐलान
राष्ट्रपति के नाम पांच सूत्रीय ज्ञापन, निष्पक्ष जांच, एफआईआर और पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग
गोरखपुर, संवाददाता।
दिल्ली के जंतर-मंतर और संसद मार्ग थाना क्षेत्र में तीन महिला पत्रकारों के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित दुर्व्यवहार, अभद्रता और यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन (IJA) ने आंदोलन की घोषणा की है। संगठन ने मामले को पत्रकारों की गरिमा, महिला सुरक्षा और प्रेस की स्वतंत्रता से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए राष्ट्रपति के नाम पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में ज्ञापन वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अतुल श्रीवास्तव को सौंपा गया। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपों के आधार पर विधिसम्मत एफआईआर, महिला पत्रकारों की सुरक्षा और पुलिस कार्रवाई के दौरान पारदर्शी मीडिया-पुलिस प्रोटोकॉल लागू करने की मांग की। साथ ही देश में पत्रकार सुरक्षा कानून जल्द लागू करने की मांग भी उठाई गई। ज्ञापन की प्रतियां केंद्रीय गृह मंत्री, गृह मंत्रालय के सचिव और प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष को ईमेल के माध्यम से भेजी गई हैं।

IJA के राष्ट्रीय अध्यक्ष सेराज अहमद कुरैशी ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि महिला पत्रकारों के साथ ड्यूटी के दौरान दुर्व्यवहार या उत्पीड़न का आरोप सामने आने पर निष्पक्ष जांच जरूरी है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी के पद या स्थिति की परवाह किए बिना कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगा। संगठन ने मांग की कि आवश्यकता पड़ने पर स्वतंत्र महिला न्यायिक अधिकारी या सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की जाए और शिकायतकर्ता महिला पत्रकारों को किसी भी दबाव से सुरक्षा दी जाए।
IJA ने धरना, प्रदर्शन और समाचार कवरेज के दौरान पत्रकारों के साथ पुलिस के व्यवहार के लिए स्पष्ट मीडिया-पुलिस आचार संहिता लागू करने तथा महिला पत्रकारों से संबंधित पुलिस कार्रवाई में महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने की भी मांग की।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो वह लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद इरफानुल्लाह खान, मंडल सचिव सतीश चंद्र, जिला प्रवक्ता मोहम्मद आजम खान सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।