जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में 24 घंटे मोबाइल इंटरनेट बंद, 4 किलोमीटर के दायरे में लागू होगा प्रतिबंध
नई दिल्ली, 9 अक्टूबर। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन के मद्देनजर जनपथ-कर्तव्य पथ चौराहे के चार किलोमीटर के दायरे में 24 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित करने का आदेश जारी किया गया है।
दिल्ली पुलिस की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध 9 अक्टूबर की रात 10 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। केंद्रीय गृह सचिव की मंजूरी के बाद यह आदेश एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया, जियो और एमटीएनएल सहित दूरसंचार कंपनियों को भेजा गया है।
CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्षी दलों और प्रदर्शनकारियों में नाराजगी है। इसी बीच राजधानी में बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन की आशंका के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है।
गौरतलब है कि जुलाई में NEET पेपर लीक के खिलाफ CJP के प्रदर्शन के दौरान भी जंतर-मंतर के आसपास इंटरनेट सेवाएं कई दिनों तक बंद रखी गई थीं। इस बार प्रतिबंध का दायरा बढ़ाकर चार किलोमीटर कर दिया गया है।