CJP के प्रदर्शन पर भाजपा का तंज

नई दिल्ली, 10 अक्टूबर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। दिल्ली पुलिस द्वारा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के शीर्ष नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदर्शन को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने कहा कि CJP की ओर से राष्ट्रीय राजधानी को ठप करने की कोशिश नाकाम रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन के जरिए दिल्ली को बंधक बनाने और हिंसा फैलाने का प्रयास किया गया, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

पात्रा ने कहा, “लोकतंत्र की भीड़तंत्र पर जीत हुई है।” उन्होंने प्रदर्शन को अराजक तत्वों की कोशिश बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों को जनता का समर्थन नहीं मिला।

विमान से ही हिरासत में लिए गए CJP नेता

दिल्ली पुलिस ने शनिवार को CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और पार्टी के नेताओं सौरव दास तथा आशुतोष रांका को दिल्ली पहुंचने के बाद विमान से ही हिरासत में ले लिया। पार्टी ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शन को शुरू होने से पहले ही रोकने की कोशिश की।

CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया था। पार्टी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है।

चुनाव आयोग पर आरोप, भाजपा ने किया खारिज

विपक्षी दलों और प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग से जवाबदेही की मांग की है। वहीं, भाजपा ने प्रदर्शन को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते हुए आरोपों और आंदोलन के तरीके पर सवाल उठाए हैं।

दिल्ली पुलिस ने प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद राजधानी के कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई और प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे लोगों को हिरासत में लिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *