राघोपुर नाव हादसे में 13 की मौत, मृतकों में 9 बच्चियां और 4 बच्चे; तेजस्वी आज जाएंगे घटनास्थल

वैशाली। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में मंगलवार देर शाम हुए भीषण नाव हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में अधिकांश बच्चे शामिल हैं। हादसा रामपुर श्यामचंद पंचायत के पास गंगा की धारा में हुआ, जहां करीब 20 से अधिक लोगों को लेकर जा रही नाव पलट गई। जिला प्रशासन के अनुसार हादसे में 13 लोगों की मौत हुई है, जबकि छह लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।

भोज में शामिल होने जा रहे थे लोग

जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद गांव के लोग नदी के दूसरी ओर आयोजित भोज में शामिल होने के लिए नाव से जा रहे थे। रात करीब साढ़े आठ बजे बीच धारा में नाव पलट गई। नाव पर बच्चों की संख्या अधिक थी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय ग्रामीण बचाव कार्य में जुट गए।

ग्रामीणों ने अपनी कोशिशों से कई लोगों को पानी से बाहर निकाला और उन्हें राघोपुर फतेहपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। बाद में गंभीर रूप से प्रभावित लोगों को बेहतर इलाज के लिए पटना के एनएमसीएच भेजा गया।

13 शव बरामद, छह लोग सुरक्षित

वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह के अनुसार, हादसे में 13 शव बरामद किए गए हैं। इनमें नौ बच्चियां और चार बच्चे शामिल हैं, सभी की उम्र 15 वर्ष से कम बताई गई है। छह लोगों को बचाकर एनएमसीएच में इलाज के लिए भेजा गया है। प्रशासन के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर है।

रात में नाव चलाने पर रोक के बावजूद हुआ परिचालन

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन की ओर से सूर्यास्त के बाद नाव चलाने पर रोक के निर्देश पहले से जारी हैं। इसके बावजूद रात में नाव का परिचालन किया गया। प्रशासन ने नाव के मालिक और परिचालन से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। साथ ही निगरानी की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने चार-चार लाख रुपये मुआवजे का किया ऐलान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के निकटतम परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रशासन को राहत-बचाव अभियान तेज करने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

पीएम मोदी ने भी जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी घटना पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

चिराग पासवान ने अस्पताल में घायलों से की मुलाकात

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बुधवार को पटना के एनएमसीएच पहुंचकर नाव हादसे में घायल बच्चों और अन्य पीड़ितों का हाल जाना। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। चिराग पासवान ने राघोपुर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने की भी बात कही है।

वहीं, राघोपुर से विधायक और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी हादसे पर दुख जताया है। वह बुधवार शाम राघोपुर जाकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *