फ्रैंकफर्ट-दिल्ली एयर इंडिया फ्लाइट में हाइजैक अलर्ट, जयपुर में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
नई दिल्ली। फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में बुधवार सुबह हाइजैक अलर्ट मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सुरक्षा कारणों से विमान को जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों और क्रू सदस्यों को बाहर निकालकर विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया।
एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 ने करीब 9:45 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इसके बाद CISF, स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने विमान और सामान की जांच शुरू की। यात्रियों को एयरपोर्ट के निर्धारित होल्डिंग एरिया में रखा गया।
कुछ सेकंड के लिए मिला Squawk 7500 सिग्नल
रिपोर्ट के मुताबिक, अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सुबह करीब 9 बजे विमान की ओर से Squawk 7500 सिग्नल मिला। यह एविएशन में संभावित हाइजैक या विमान में अवैध हस्तक्षेप की स्थिति का संकेत देने वाला ट्रांसपोंडर कोड है। बताया गया कि यह सिग्नल केवल कुछ सेकंड तक ही सक्रिय रहा।
इसके बाद करीब 9:10 बजे विमान को जयपुर की ओर मोड़ने का फैसला लिया गया।
हाइजैक या बम की धमकी? जांच जारी
घटना को लेकर शुरुआती रिपोर्टों में खतरे की प्रकृति को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई है। कुछ रिपोर्टों में बम की धमकी की बात कही गई, जबकि एक एयरपोर्ट अधिकारी के हवाले से इसे हाइजैक की अफवाह बताया गया है।
अधिकारियों ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि विमान को वास्तव में हाइजैक करने की कोई कोशिश हुई थी या Squawk 7500 सिग्नल गलती से सक्रिय हुआ। मामले की जांच जारी है।
विमान में सवार सभी यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता
सुरक्षा एजेंसियों ने विमान को अलग स्थान पर ले जाकर उसकी गहन जांच की। यात्रियों और सामान की भी सुरक्षा जांच की गई। फिलहाल किसी वास्तविक हाइजैक की पुष्टि नहीं हुई है।
फ्रैंकफर्ट-दिल्ली फ्लाइट ने 13 अक्टूबर को जर्मनी से उड़ान भरी थी और बुधवार सुबह दिल्ली पहुंचना निर्धारित था। घटना के कारणों को लेकर जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।