बिहार में दुर्गा विसर्जन: पटना सिटी में युवक को मारी गोली

पटना सिटी में विसर्जन शोभायात्रा के दौरान खूनी खेल, युवक को पहले चाकू से गोदा फिर मारी गोली

पटना सिटी। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र में हिंसक वारदात से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि विसर्जन जुलूस में शामिल आर्केस्ट्रा ट्रॉली को लेकर विवाद के बाद कुछ युवकों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक को पकड़कर गली में ले जाया गया, जहां उस पर चाकू से कई वार किए गए। इसके बाद उसे गोली मार दी गई।

गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस की मदद से इलाज के लिए पहले एनएमसीएच ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए पीएमसीएच रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विसर्जन शोभायात्रा के दौरान आर्केस्ट्रा में गाना बजाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और कुछ स्थानीय युवकों ने आर्केस्ट्रा ट्रॉली में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद युवक को खींचकर अलग ले जाने और उस पर हमला किए जाने की बात सामने आई है।

घटना के बाद इलाके में तनाव

वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। घटना के बाद विसर्जन प्रक्रिया भी प्रभावित हुई। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस की जांच में आसपास लगे CCTV कैमरे अहम साबित हो सकते हैं। फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान करने और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका निर्धारित करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने मामले की सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

TWM News Bihar | पटना सिटी डेस्क

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *