राजस्थान में रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध धमाका, दो सीमेंट पिलर और स्लीपर क्षतिग्रस्त; RDX कनेक्शन से पुलिस का इनकार
श्रीगंगानगर। राजस्थान के भारत-पाकिस्तान सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए संदिग्ध धमाके से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलखंड पर गांव 50 जीबी के पास मंगलवार रात करीब 9:45 बजे हुए विस्फोट से रेलवे ट्रैक को भारी नुकसान पहुंचा। पटरी को सहारा देने वाले सीमेंट के दो पिलर और रेलवे के स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए। घटनास्थल पर करीब दो फीट गहरा गड्ढा भी बन गया।
धमाके की आवाज आसपास के इलाके में दूर तक सुनाई दी। सूचना मिलते ही पुलिस, रेलवे अधिकारी, एटीएस, सीआईडी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया है।
ट्रेन गुजरने के करीब 45 मिनट बाद हुआ धमाका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अनूपगढ़ से सूरतगढ़ की ओर जाने वाली यात्री ट्रेन रात करीब नौ बजे घटनास्थल से सुरक्षित गुजर चुकी थी। इसके लगभग 45 मिनट बाद धमाका हुआ। गनीमत रही कि विस्फोट के समय ट्रैक पर कोई ट्रेन मौजूद नहीं थी। एहतियात के तौर पर अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलखंड पर रेल परिचालन रोक दिया गया और ट्रेनों को रद्द किया गया।
ATS, CID और FSL की टीमें जुटीं
घटना की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोट की प्रकृति और इस्तेमाल की गई सामग्री का पता फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमाका किस कारण हुआ और इसके पीछे किसी की साजिश थी या नहीं।
हाल में बरामद 7.5 किलो RDX से नहीं मिला संबंध
श्रीगंगानगर के सीमावर्ती इलाके में हाल ही में करीब 7.5 किलोग्राम RDX बरामद किया गया था। रेलवे ट्रैक पर धमाके के बाद इस घटना को उससे जोड़कर भी देखा जा रहा था। हालांकि, पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल दोनों घटनाओं के बीच कोई प्रमाणित संबंध सामने नहीं आया है। जांच एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही हैं।
फिलहाल रेलवे ट्रैक की मरम्मत, सुरक्षा जांच और विस्फोट के कारणों का पता लगाने की कार्रवाई जारी है।
Pic Credit – ANI