24 नवंबर को पूरे बिहार में जदयू मनाएगा ‘सुशासन दिवस’, पंचायत से जिला स्तर तक चलेगा नीतीश संवाद अभियान
नीतीश कुमार ने वर्चुअल बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की, 17 से 19 नवंबर तक पंचायतों और वार्डों में होगी परिचर्चा; 24 नवंबर को सभी जिलों में मुख्य कार्यक्रम
पटना। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने आगामी 24 नवंबर को पूरे बिहार में ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ आयोजित करने की तैयारी तेज कर दी है। कार्यक्रम की रूपरेखा और संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा के लिए सोमवार को पार्टी ने जिला कार्यक्रम प्रभारियों, जिलाध्यक्षों और विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के साथ वर्चुअल बैठक की। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए। उन्होंने पदाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
पंचायत से जिला स्तर तक कार्यक्रम की रूपरेखा
जदयू की योजना के अनुसार, 17 से 19 नवंबर तक राज्य की सभी पंचायतों और वार्डों में ‘सुशासन नीतीश परिचर्चा’ आयोजित की जाएगी। इसके बाद 20 से 22 नवंबर तक प्रखंड और सेक्टर स्तर पर तैयारी बैठकें होंगी। अभियान के अंतिम चरण में 24 नवंबर को सभी जिलों में ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ का आयोजन किया जाएगा।
पार्टी कार्यकर्ताओं को सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करने और उन्हें कार्यक्रम से जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई है। लाभार्थियों के अनुभवों को वीडियो संदेश के माध्यम से साझा करने की भी योजना है।
संजय झा ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
बैठक को संबोधित करते हुए जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने नीतीश कुमार के शासनकाल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद बिहार की विकास यात्रा और राज्य के प्रति देश की धारणा में बदलाव आया। उनके मुताबिक, पिछले दो दशकों में राज्य में कई विकास योजनाओं और परियोजनाओं पर काम हुआ है।
संजय झा ने पार्टी पदाधिकारियों से इन कार्यों और सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने लाभार्थियों के अनुभवों को भी अभियान का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
उमेश कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को दिया निर्देश
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने 24 नवंबर की तारीख को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसी दिन वर्ष 2005 में नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से गांव, पंचायत और वार्ड स्तर तक सक्रिय होकर कार्यक्रम की तैयारी करने को कहा।
बैठक में बिहार सरकार की मंत्री एवं प्रदेश कार्यक्रम संयोजक लेशी सिंह, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
जदयू का कहना है कि ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ के जरिए नीतीश कुमार के कार्यकाल और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।