बिहार के विकास का रोडमैप तैयार करने जुटेंगे 1500 विशेषज्ञ, जनवरी 2027 में पटना में होगा ग्लोबल कन्वेंशन

डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने लॉन्च किया आधिकारिक पोर्टल, औद्योगीकरण, सतत शहरीकरण और शिक्षा-कौशल विकास पर होगा मंथन

पटना। बिहार के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से राजधानी में ‘ग्लोबल कन्वेंशन ऑन ट्रांसफॉर्मिंग बिहार 2027’ की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सोमवार को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के आधिकारिक पोर्टल का शुभारंभ किया। इस आयोजन में देश-विदेश के करीब 1500 शिक्षाविद, उद्योगपति, नीति-निर्माता, विशेषज्ञ और प्रवासी बिहारी शामिल होंगे।

12 और 13 जनवरी को होगा मुख्य सम्मेलन

ग्लोबल कन्वेंशन का आयोजन 12 और 13 जनवरी 2027 को पटना स्थित सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। इससे पहले 10 और 11 जनवरी को दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्री-कन्वेंशन कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी। इसमें बिहार के विकास से जुड़े शोधपत्रों और विभिन्न नीतिगत विषयों पर चर्चा की जाएगी।

तीन प्रमुख क्षेत्रों पर रहेगा फोकस

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य बिहार के विकास की दीर्घकालिक रणनीति तैयार करना है। इसके लिए तीन प्रमुख विषयों को केंद्र में रखा गया है। इनमें औद्योगीकरण को गति देना, सतत शहरीकरण को बढ़ावा देना तथा शिक्षा और कौशल विकास की व्यवस्था को मजबूत करना शामिल है।

आयोजन के दौरान उद्योगों में निवेश की संभावनाओं, स्टार्टअप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कृषि विविधीकरण, युवाओं के रोजगार, महिला उद्यमिता, पर्यटन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा।

बिहार विजन 2047 का रोडमैप तैयार करने की पहल

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि यह सम्मेलन बिहार के विकास को लेकर देश-विदेश के विशेषज्ञों और बिहार से जुड़े लोगों को एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा। इसका उद्देश्य केवल विचार-विमर्श तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि चर्चा से निकले सुझावों को नीतिगत दिशा देना भी होगा।

सम्मेलन के समापन पर ‘बिहार घोषणा-पत्र 2027’ और ‘बिहार विजन 2047: पॉलिसी पाथवे’ रिपोर्ट तैयार करने की योजना है। इसमें राज्य के दीर्घकालिक और समावेशी विकास के लिए सुझावों को शामिल किया जाएगा।

निवेश और शोध को भी मिलेगा मंच

आयोजन में स्टार्टअप पिच सत्र, निवेश एवं अवसर डेस्क, बिहार डेटा एंड पॉलिसी लैब, ग्लोबल बिहारी कनेक्ट, युवा संवाद, महिला उद्यमिता पवेलियन और हस्तशिल्प बाजार जैसे कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। सम्मेलन का आयोजन इंस्टीट्यूट फॉर ह्यूमन डेवलपमेंट, बिहार फाउंडेशन और नालंदा विश्वविद्यालय के सहयोग से किया जा रहा है।

आयोजकों को उम्मीद है कि इस मंच के जरिए बिहार में निवेश, रोजगार, शिक्षा और शहरी विकास से जुड़े नए अवसरों की पहचान होगी तथा वर्ष 2047 तक विकसित और समावेशी बिहार के निर्माण की दिशा में ठोस सुझाव सामने आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *