बिहार को मिलेगी 34,470 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, पीएम मोदी आज करेंगे नीतीश सेतु का उद्घाटन

बक्सर थर्मल पावर प्लांट की दूसरी यूनिट और 100 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाएंगे हरी झंडी, 26,900 से अधिक शहरी परिवारों को मिलेगा पक्के मकान का लाभ

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे वैशाली में आयोजित कार्यक्रम से राज्य को करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री कई योजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करने के साथ नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इस कार्यक्रम में सड़क, बिजली, शहरी विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और परिवहन सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों की योजनाएं शामिल हैं।

प्रधानमंत्री के दौरे का मुख्य आकर्षण गंगा नदी पर बने छह लेन के कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का उद्घाटन होगा। इसे ‘नीतीश सेतु’ नाम दिया गया है। लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ेगा। इसकी कुल लंबाई 19.7 किलोमीटर है, जिसमें 9.7 किलोमीटर मुख्य पुल और 10 किलोमीटर एप्रोच रोड शामिल है।

उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी

नीतीश सेतु के चालू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है। इससे महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होगा। खासकर राघोपुर दियारा के लोगों को पटना पहुंचने में सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक सेवाओं तक उनकी पहुंच भी बेहतर होगी। इसके अलावा कृषि उत्पादों और औद्योगिक सामानों के परिवहन को गति मिलने से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

बक्सर बिजली परियोजना की दूसरी यूनिट का लोकार्पण

ऊर्जा क्षेत्र में प्रधानमंत्री बक्सर थर्मल पावर परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी यूनिट का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना की कुल क्षमता 1,320 मेगावाट है। इसके साथ बिजली वितरण और ट्रांसमिशन से जुड़ी योजनाओं का भी लोकार्पण होगा। पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत 1,130 करोड़ रुपये से अधिक की बिजली हानि कम करने वाली परियोजनाएं भी इसमें शामिल हैं।

सहरसा समेत कई जिलों को मिलेगी सड़क की सौगात

सड़क निर्माण के क्षेत्र में औरंगाबाद-चोरदाहा एनएच-19 के छह लेन में विस्तार, चोरमा-बैरगनिया एनएच-227एफ और उमगांव-सहरसा एनएच-327 से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। वहीं, साहेबगंज-अरेराज-बेतिया एनएच-139डब्ल्यू को चार लेन बनाने की परियोजना का शिलान्यास होगा। इस पर 3,800 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है।

पीरपैंती सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट को मिलेगी गति

भागलपुर के पीरपैंती में प्रस्तावित 2,400 मेगावाट क्षमता वाले सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट के लिए बिजली निकासी व्यवस्था की आधारशिला रखी जाएगी। इस परियोजना पर लगभग 3,350 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके अलावा नवादा के फुलवरिया डैम में फ्लोटिंग सोलर परियोजना और कहलगांव में सीवरेज इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी योजनाओं का भी उद्घाटन होगा।

100 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाएंगे हरी झंडी

बिहार में स्वच्छ और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री 100 पीएम-ई-बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

12 जिलों में जलापूर्ति और सीवरेज परियोजनाओं का शिलान्यास

बेगूसराय, बिहारशरीफ, पूर्णिया, हाजीपुर, मोतिहारी, दानापुर, खगड़िया, समस्तीपुर, बोधगया, सीतामढ़ी और सहरसा सहित विभिन्न शहरी क्षेत्रों में सीवरेज एवं जलापूर्ति योजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। इसके अलावा नहरों के आधुनिकीकरण, डॉ. भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालयों, आईआईटी पटना के रिसर्च पार्क और छात्रावास तथा इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों से जुड़ी परियोजनाएं भी शामिल हैं।

प्रधानमंत्री का यह दौरा बिहार में आधारभूत संरचना, ऊर्जा, परिवहन और शहरी सुविधाओं के विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *