PHOTO DIVISION (PIB)

पटना

बिहार की राजनीति में चूहा एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। राजद नेता तेजप्रताप यादव द्वारा हाल ही में दिए गए बयान ने इस मुद्दे को गरमा दिया है। तेजप्रताप ने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन के आवास से चूहा निकलने की बात कहकर व्यंग्य किया था, जिसपर अब मांझी ने तीखा जवाब दिया है।

जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए खुद को गर्व से ‘मुसहर’ बताते हुए लिखा, “हम चूहे पकड़ते भी हैं और खाते भी हैं। हमारे आसपास चूहा भटकने की हिम्मत नहीं करता।” मांझी ने यह भी कहा, “लालू जी के यहां अगर कोई चूहा ज्यादा उछल रहा है, तो उसे हमारे पास भेजें, हम दो मिनट में देख लेंगे।”

मांझी का यह ट्वीट तेजप्रताप यादव के बयान के संदर्भ में देखा जा रहा है। हालांकि मांझी ने सीधे तेजप्रताप का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके तंज भरे इस ट्वीट को राजनीतिक गलियारों में जवाबी हमला माना जा रहा है।

दरअसल, तेजप्रताप यादव ने हाल ही में एक इंटरव्यू में मंत्री संतोष सुमन पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि उनके सरकारी आवास में चूहे हैं, जो तेजप्रताप के लगाए पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचाते हैं। इस बयान ने सियासी माहौल में हलचल पैदा कर दी है।

तेजप्रताप ने यह भी कहा था कि इस बात को जाति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए, क्योंकि मूषक गणेश जी की सवारी हैं और उनका हर जगह होना स्वाभाविक है। हालांकि, इस बयान ने चूहे को लेकर एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।

अब देखना यह होगा कि इस बयानबाजी से उत्पन्न सियासी गर्मी कहां तक जाती है और आगे कौन-सा नया मोड़ लेती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *