शिलांग

मेघालय के दक्षिण गारो हिल्स जिले में भूस्खलन की एक दर्दनाक घटना में छह लोगों के शव मलबे से बरामद किए गए हैं। यह हादसा हटियासिया सोंगमा इलाके में 03 अक्टूबर की रात को हुआ, जब भारी बारिश के कारण एक पहाड़ी धंस गई और सात लोग मिट्टी के ढेर में दब गए। मौके पर एनडीआरएफ की टीम बचाव कार्य में जुटी हुई है, हालांकि अब भी एक व्यक्ति का शव मलबे में दबा हुआ है।

प्रथम बटालियन एनडीआरएफ की टीम ने चार दिनों की कठिन मशक्कत के बाद शनिवार को छह लोगों के शव निकाले हैं। इलाके की दुर्गमता और लगातार हो रही बारिश के कारण बचाव कार्य में बाधा आ रही थी, लेकिन टीम ने अपनी कोशिशें जारी रखीं। एनडीआरएफ के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मलबा हटाने का काम कठिनाई से आगे बढ़ रहा है, और अब भी एक लापता व्यक्ति की तलाश की जा रही है।

घटना स्थल बेहद दुर्गम इलाके में स्थित है, जिसकी वजह से प्रशासन को इस आपदा की जानकारी देर से मिली। 04 अक्टूबर को सूचना मिलने के बाद एनडीआरएफ की टीम को मौके पर भेजा गया, जो बारिश और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण पैदल ही वहां पहुंची। मलबे से निकाले गए मृतकों में एक ही परिवार के लोग शामिल हैं, जिनकी पहचान सिलजी आर मराक (60), मेरिना आर मराक (39), समा एन संगमा (50), चेंगबे आर मराक (22), देसरंग आर मराक (14) और सिलबेरा आर मराक (8) के रूप में हुई है।

दक्षिण गारो हिल्स और पश्चिम गारो हिल्स का संपर्क इस भूस्खलन के बाद से पूरी तरह टूट चुका है, क्योंकि इलाके की सीमा सड़क और राष्ट्रीय राजमार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और जल्द ही बचे हुए व्यक्ति की तलाश पूरी होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *