जमालपुर

जमालपुर विधायक डॉ. अजय कुमार सिंह ने नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के लिए बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विजयशील गौतम समेत अन्य प्रमुख लोग उपस्थित थे। बैठक का उद्देश्य जल आपूर्ति योजना और अन्य बुनियादी सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा करना था।

विधायक ने बैठक में बताया कि 15वें वित्त आयोग से प्राप्त 9 करोड़ रुपये की राशि में से 50 प्रतिशत जल आपूर्ति योजना के लिए खर्च किया जाना है। उन्होंने जोर दिया कि इस राशि का सही उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकार द्वारा अगली किश्त समय पर जारी हो सके। इसके साथ ही उन्होंने वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट की रिजर्वायर क्षमता को बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। वर्तमान में इसकी क्षमता 3.75 एमएलडी है, जिसे बढ़ाकर 10 एमएलडी किया जाना आवश्यक है, ताकि हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंच सके। इसके लिए बियाडा से 2 एकड़ अतिरिक्त जमीन अधिग्रहण करने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिसे नगर परिषद की आगामी बैठक में पास किया जाएगा।

विधायक ने शहर के स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज सिस्टम पर भी विशेष ध्यान दिया। उन्होंने बताया कि 6 फीट या उससे चौड़ी नालों की संख्या 9 है, जिनकी कुल लंबाई लगभग 19 किलोमीटर है। इन नालों में चमड़ा नाला, मुरली नाला, तिलखाना नाला और झल्लू नाला जैसे प्रमुख नाले शामिल हैं। इन सभी नालों में स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने के लिए विस्तृत योजना बनाई जाएगी, जिससे जलजमाव की समस्या का समाधान हो सके।

बैठक में नगर परिषद की वाइस चेयरमैन अंजली कुमारी, वार्ड पार्षद साईं शंकर, योजना प्रतिनिधि प्रेम शंकर, और सामाजिक कार्यकर्ता आर के मंडल समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

दुर्गा पूजा को लेकर खास निर्देश विधायक ने दुर्गा पूजा के दौरान शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की। उन्होंने स्थानीय प्रशासन, पूजा समिति और जनता के बीच आपसी समन्वय बनाने पर जोर दिया, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *