मिथुन चक्रवर्ती को मिला दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड : अभिनय और संघर्ष की कहानी बनी प्रेरणा

बॉलीवुड के डिस्को डांसर मिथुन चक्रवर्ती को भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित ‘दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। 70वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स के भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें इस सम्मान से नवाजा। मिथुन चक्रवर्ती ने अपने बेहतरीन अभिनय और संघर्ष से 350 से अधिक फिल्मों में दर्शकों के दिलों पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है। इस ऐतिहासिक सम्मान पर बॉलीवुड के कई बड़े सितारों ने उन्हें बधाई दी, जिसमें ‘हीरो’ राजन कुमार भी शामिल हैं।

राजन कुमार, जो खुद ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में नाम दर्ज करा चुके हैं, ने मिथुन चक्रवर्ती को प्रेरणा स्रोत बताते हुए कहा, “मिथुन दा ने अपनी मेहनत और लगन से वो मुकाम हासिल किया है, जो हर युवा के लिए मिसाल है। उन्होंने मुझे ‘हीरो’ का खिताब दिया और आज मैं गर्व महसूस करता हूं कि जिनके हाथों से मुझे यह सम्मान मिला, उन्हें भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया।”

मिथुन चक्रवर्ती ने अपने संघर्षों को याद करते हुए कहा, “फुटपाथ से उठकर यहां तक पहुंचना मेरे लिए किसी सपने से कम नहीं था। रंग और हालातों के कारण मुझे जीवन में काफी संघर्ष करना पड़ा, लेकिन मैंने हार नहीं मानी। मैंने डांस करना शुरू किया, और लोग मेरे रंग को भूल गए।” उनके ये शब्द आज भी संघर्ष कर रहे कलाकारों को प्रेरित करते हैं।

राजन कुमार ने कहा, “मिथुन दा का संघर्ष हमें सिखाता है कि परिस्थितियाँ चाहे जितनी कठिन हों, अगर आप अपने सपनों को जीवित रखते हैं तो आप किसी भी ऊँचाई को छू सकते हैं। उनका यह सम्मान सही मायनों में उनकी मेहनत और धैर्य का फल है, जो आज की पीढ़ी के लिए एक मार्गदर्शक है।”

मिथुन चक्रवर्ती के इस सम्मान से न केवल बॉलीवुड बल्कि पूरे देश में खुशी का माहौल है। उनके इस अवॉर्ड ने एक बार फिर यह साबित किया है कि सच्ची लगन और समर्पण से हर बाधा को पार किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *