महाराष्ट्र

महाराष्ट्र के एनसीपी नेता और पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी की शनिवार शाम को बांद्रा ईस्ट में गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीन अज्ञात हमलावरों ने सिद्दीकी पर उनके बेटे ज़ीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर हमला किया, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। पुलिस के अनुसार, उन्हें नज़दीकी लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना स्थल पर फायरिंग, हमलावर गिरफ्तार यह हमला नर्मल नगर स्थित कोलगेट ग्राउंड के पास हुआ, जहां सिद्दीकी अपने बेटे के कार्यालय से निकल रहे थे। गोलीबारी के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि मुंबई पुलिस आयुक्त विवेक फनसालकर ने उन्हें सूचित किया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक उत्तर प्रदेश और दूसरा हरियाणा का निवासी है। तीसरा हमलावर अभी भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

फडणवीस पहुंचे अस्पताल घटना के बाद राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, जो गृह मंत्रालय का कार्यभार भी संभालते हैं, तुरंत लीलावती अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच के निर्देश दिए। फडणवीस ने कहा कि इस घटना के पीछे के कारणों का जल्द से जल्द पता लगाया जाएगा और दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा दी जाएगी।

हाल ही में एनसीपी में हुए थे शामिल तीन बार विधायक रह चुके बाबा सिद्दीकी हाल ही में कांग्रेस छोड़कर अजित पवार गुट की एनसीपी में शामिल हुए थे। उनकी हत्या ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है, और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *